रामनगर/नैनीताल , मई 02 -- उत्तराखंड की रामनगर पुलिस ने स्कूटियों से पीछा कर तमंचे की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 29 अप्रैल को सुरजीत सिंह निवासी तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़ ने थाना रामनगर में शिकायत देकर आरोप लगाया कि वह अपने पुत्र के साथ वाहन से घर लौट रहे थे।
रास्ते में दो स्कूटी सवारों ने उनका पीछा कर वाहन रुकवाया, जिसके बाद चार युवकों ने तमंचा दिखाकर मारपीट की और Rs.10,000 नकद व मोबाइल फोन लूट लिया।
थाना रामनगर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व एक टीम गठित की गई।
आखिरकार टीम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को शनिवार को आमपोखरा रेंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आयुष चन्याल उर्फ अंशु (21) निवासी देवीपुर, मालधन चौड़, रामनगर; अनिल बिष्ट (22) निवासी मटकोट, चौखटिया (वर्तमान पता काशीपुर) और प्रिंस कुमार (18) निवासी मालधन नंबर-7, रामनगर शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित