चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 16 -- राजस्थान के पंचायतीराज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद तत्कालीन सरकार की नीतियों के कारण बंदी बनाए पाकिस्तानी सैनिकों को रिहा कर दिया गया।
श्री दिलावर ने मंगलवार को यहां के सैनिक स्कूल में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में विजय दिवस मनाया जा रहा है जो उन शहीदों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। 1971 में पाकिस्तान के करीब 93 हजार सैनिकों को बंदी बना करके विजय प्राप्त करके बंगलादेश को आजाद कराया था लेकिन उस समय के शासकों की गलत नीतियों के कारण बिना शर्त उन सभी सैनिकों को रिहा किया था जो उनकी सबसे बड़ी भूल थी।
उन्होंने कहा उस समय सैनिकों ने जिस जमीन पर विजय प्राप्त की थी उसको भी उन शासकों ने बिना शर्त लौटा दिया जो उन शहीद सैनिकों और देश के जवानों का अपमान कहा जाएगा। श्री दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान में जो भी अच्छा हो सकता है, वह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में बालिका सैनिक विद्यालयों की शुरुआत बीकानेर से हो रही है जिसका भूमि पूजन होकर काम शुरू कर दिया गया है। आगामी वर्षों में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इससे राज्य की बालिकाओं के लिए सेवा में जाने का प्रशिक्षण और अध्ययन के अवसर मिल सकेंगे।
श्री दिलावर ने इससे पहले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की इसके साथ ही उन्होंने देश की सेवा में तत्पर रहे भूतपूर्व सैनिकों और शहीद हुए जवानों के परिवारजनों का सम्मान किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री दिलावर ने सैनिक स्कूल परिसर में बने कई नवनिर्माण कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित