नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की बहु-स्तरीय समुद्री सुरक्षा व्यवस्था में उत्कृष्ट अंतर-सेवा समन्वय देखने को मिला।

श्री सिंह ने भारतीय तटरक्षक बल के 50वें स्थापना दिवस समारोह में कहा कि संवेदनशील समुद्री परिस्थितियों के दौरान बल ने त्वरित और सशक्त प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिमी तट पर निगरानी बढ़ाई और उच्च सतर्कता बनाए रखी।

रक्षा मंत्री ने तटरक्षक बल को भारत की समुद्री सीमाओं पर "विश्वास की दीवार" बताते हुए कहा कि आतंकवाद, तस्करी, समुद्री डकैती, नशीले पदार्थों की तस्करी और समुद्री प्रदूषण से निपटने में इसकी भूमिका निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना के बाद से बल ने 11,800 से अधिक लोगों की जान बचाई है।

श्री सिंह ने तटरक्षक बल को राष्ट्रीय सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बताते हुए अधिकारयों से 2047 तक के लिए स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्णिम जयंती लोगो का अनावरण किया और 50 वर्षीय स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

कार्यक्रम में रक्षा राज्यमंत्री, नौसेना प्रमुख, रक्षा सचिव, महानिदेशक तटरक्षक बल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित