नयी दिल्ली , मार्च 10 -- सरकार ने उन्नत तकनीकी वस्त्र उत्पादों के स्वदेशी विकास, उच्च-क्षमता के फाइबर, स्मार्ट और उपयोगी वस्त्र, सुरक्षात्मक उपकरण, वस्त्र मशीनरी तथा बुनियादी ढांचे और औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए समग्र (कंपोजिट) प्रणालियों जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित कुल 16 नयी अनुसंधान परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

इन परियोजनाओं को फरवरी 2026 में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम) के तहत स्वीकृत किया गया है। यह जानकारी कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने मंगलवार को लोक सभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। उन्होंने बताया कि एनटीटीएम के पहले भाग के प्रमुख उद्देश्यों में से एक कार्बन फाइबर, अरामिड फाइबर, नायलॉन फाइबर और अल्ट्रा हाई मॉलेक्यूलर वेट पॉलीएथिलीन (यूएचएमब्ल्यूपीई) जैसे विशेष फाइबर के विकास के लिए मौलिक अनुसंधान का समर्थन करना है। इसी के तहत माध्यमिक माड्यूल ग्रेड कार्बन फाइबर के स्वदेशी विकास के लिए सीएसआईआर-नेशनल एयरोस्पेस लेबोरेट्रीज की एक परियोजना मंजूर की गयी है।

एनटीटीएम के अंतर्गत नवप्रवर्तकों को अनुसंधान में मदद के लिए (ग्रेट)" नामक एक विशेष पहल लागू की गई है। इसका उद्देश्य देश में टेक्निकल टेक्सटाइल्स के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को समर्थन देना है, ताकि युवा नवप्रवर्तकों, वैज्ञानिकों/प्रौद्योगिकीविदों और स्टार्ट-अप उद्यमों को अपने विचारों को व्यावसायिक तकनीकों/उत्पादों में बदलने में सहायता मिल सके। इसमें स्टार्ट-अप को अधिकतम 50 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है।31 स्टार्ट-अप्स को 15.40 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाएं मंजूर की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित