मुंगेर , अप्रैल 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि ढोल पहाड़ी को एक आधुनिक इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसके लिये 1249 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति प्रदान की गयी है। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज मुंगेर जिला के असरगंज प्रखंड स्थित ढोल पहाड़ी में ईको पर्यटन कार्य तथा उच्चेश्वर नाथ धाम देवघरा, टेटियाबंबर (मुंगेर) में ईको पर्यटन कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री चौधरी को साइट प्लान एवं प्रपोज्ड ले-आउट के माध्यम से ढ़ोलपहाड़ी एवं उच्चेश्वर नाथ धाम, देवघरा, टेटियाबम्बर के ईको पर्यटन कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने ढोल पहाड़ी स्थित मां दुर्गा के मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

श्री चौधरी ने बताया कि ढोल पहाड़ी को एक आधुनिक इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 1249 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत पाथ-वे, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा, हरित क्षेत्र विस्तार, विशाल शिव प्रतिमा, पक्के रास्ते, सीढ़ियां, पार्किंग एवं प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। साथ ही यहां भगवान शिव की एक प्रतिमा स्थापित करने की योजना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित