रायसेन , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के सतलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया।
यहां एक कार चालक ने कल सड़क पर जा रहे एचईजी कंपनी के कर्मचारी को पहले कार से उड़ाया। इससे कर्मचारी लगभग 5 फीट ऊपर उछलकर रोड पर गिरा, ऐसे में आरोपी युवक ने फिर से कार को रिवर्स में लेकर युवक को दोबारा कुचल दिया और फरार हो गया। हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सतलापुर पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है। वे ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आसपास मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित