ऋषिकेश, मार्च 14 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में डोईवाला चीनी मिल में सफाई कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। शनिवार को घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार चीनी मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद मिल बंद हो चुकी थी। इसके बाद मिल परिसर में ठेकेदार अशोक के माध्यम से मजदूरों से मशीनों की सफाई और रखरखाव का कार्य कराया जा रहा था। हादसे के समय मजदूर मशीनों के भीतर जमी हुई चीनी को खुरचकर बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक हादसा हो गया, जिसमें तीन मजदूर घायल हो गए। हालांकि घटना किस कारण हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित