देहरादून , मार्च 29 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस ने रविवार को डोईवाला क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना में फरार चल रही एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने उसके कब्जे से करीब9 लाख रुपए के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली डोईवाला में वादी अशोक कुमार पुत्र कुंदन रावत निवासी पुष्पा निवास ,दिव्य विहार, मियां वाला ने तहरीर दी थी कि वह परिवार के साथ अपने बेटे के पास नोएडा गए हुए थे।
इसी बीच उनके घर से किसी ने ताला तोड़कर लाखों रुपए के आभूषण चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर दिया।
घटना का पर्दाफाश करने के लिए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी मूल रूप से धामपुर बिजनौर निवासी 20 वर्षीय सुहेल को 18 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था, जो देहरादून के ब्राह्मण वाला स्थित मस्जिद के पास रहता था।
पुलिस ने जब उससे चोरी के संबंध में पूछताछ की तो पता चला कि शेष ज्वेलरी देहरादून के थाना पटेल नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के पास है ,जो घटना के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रही थी। जिसका नाम 28 वर्षीय गुलअफसा है, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद की निवासी है।
दून पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए महिला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला लगातार अपने ठिकाने बदलती रही।
लेकिन मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार को उसे हर्रा वाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से पुलिस ने घटना में चोरी किए गए करीब 9 लाख रुपए मूल्य की ज्वेलरी और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित