अलवर , जनवरी 12 -- राजस्थान के कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा ने अलवर में रैणी उपखंड की ग्राम पंचायत पिनान में रविवार रात आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रात्रि चौपाल में ग्रामीणों द्वारा अलवर के प्रभारी मंत्री डॉ. मीणा के समक्ष ग्राम पंचायत एवं ढाणियों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत संबंधित, सड़क निर्माण, रास्ते पर अतिक्रमण, ग्राम पंचायत के परिसीमन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य परिवाद प्रस्तुत किये। जिनकी सुनवाई करके डॉ. मीणा ने अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण की सूचना परिवादी को देकर इसकी रिपोर्ट भिजवाने केे भी निर्देश दिये।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत पिनान के आसपास के ग्रामीणों ने डा मीणा के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत की, जिसमें ग्रामीणों की मलावली में 33 केवी जीएसएस एवं किसानों की सिंचाई के लिए दिन में बिजली दिलवाने की मांग पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करके यथासंभव दिन में बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने इसके अतिरिक्त गांव साहिबाबाद में ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पुन: संचालन की मांग, मुरली का बास में पानी की समस्या के समाधान एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुलवाने की मांग, ग्राम पंचायत के परिसीमन, उकेरी में रास्ता खुलवाने, पिनान पशु चिकित्सालय में वरिष्ठ पशु चिकित्सक की तैनाती के बारे में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए।
डॉ. मीणा ने विकसित भारत- जी राम जी योजना पर ग्रामवासियों से विस्तृत चर्चा करके बताया कि योजना के माध्यम से 125 दिन ग्रामीण रोजगार की नयी गारंटी, ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना बनेगी, समय पर मजदूरी के भुगतान एवं तकनीक के जरिए सशक्तीकरण संभव होगा। उन्होंने अलाव पर बैठकर भी ग्रामवासियों से विकसित भारत जी राम जी योजना पर बातचीत की।
इस अवसर पर विधायक राजगढ-लक्ष्मणगढ मांगे लाल मीणा, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, उपखंड अधिकारी (एडीएम) प्रथम मुकेश कायथवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालूखे गौरव रवीन्द्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी, उपखण्ड अधिकारी रैणी हरकेश मीणा, तहसीलदार कैलाश चंद मेहरा सहित संबंधित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित