पटना , दिसंबर 19 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सुप्रसिद्ध मूर्तिकार और दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' के शिल्पकार राम वी. सुतार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त कियाहै।
डॉ. कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि राम वी. सुतार अप्रतिम मूर्तिकार थे। उन्होंने देश के विख्यात महापुरुषों की ऐसी मूर्तियां गढ़ीं, जो देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधत्व कर रही हैं। उन्होंने पटना के गांधी मैदान में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 72 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमा का डिजाइन एवं निर्माण किया था। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने के लिये सदैव प्रेरित करता रहेगा।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राम वी. सुतार के निधन से कला जगत में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को परम शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों और प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित