पटना, मार्च 16 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मैथिली भाषा और साहित्य की अमर विरासत को और अधिक समृद्ध करने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. महेंद्र झा जी की चर्चित कृति 'धात्री पात सन गाम' के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि दशकों तक शिक्षण और साहित्य-सृजन को एक साथ साधने वाले झा जी ने मिथिला के लोकजीवन, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं को अपनी लेखनी से जिस सजीवता से उकेरा है, वह अतुलनीय है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार केवल झा जी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संपूर्ण मिथिला,मैथिली साहित्य जगत और बिहार के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि झा जी की साहित्य-साधना अनवरत जारी रहे और उनकी प्रेरणादायी रचनाएं आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित