पटना , मार्च 12 -- बिहार भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि की अध्यक्षता में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी, पटना में प्रदर्श अधिष्ठापन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।

श्री रवि ने बताया कि साइंस सिटी में बेसिक साइंस गैलरी में 47 प्रदर्श का अधिष्ठापन कार्य और सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में प्रदर्शों का अधिष्ठापन कार्य प्रगति पर है।

साइंस सिटी में कुल पांच गैलरियों का सिविल वर्क पूर्ण हो चुका है। पांचों गैलरियों का कुल क्षेत्रफल लगभग 7725 वर्गमीटर है और इनमें 26 थीम पर आधारित 269 विज्ञान प्रदर्श स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी एवं बेसिक साइंस गैलरी का लोकार्पण हो चुका है। आम लोगों के भ्रमण के लिये दोनों गैलरियों को खोला जा चुका है। अब तक साइंस सिटी में लगभग एक लाख लोग भ्रमण कर चुके हैं।

श्री रवि ने बताया कि प्रथम गैलरी (बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी) में 12 प्रदर्श अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण हो गया है जबकि द्वितीय गैलरी (बेसिक साइंस गैलरी) में 35 प्रदर्शों का अधिष्ठान हुआ है। बेसिक साइंस गैलरी में शेष 47 प्रदर्श लगाने के लिये प्रोटोटाइपिंग का कार्य हो गया है। ड्रॉइंग पर स्वीकृति मिलने के बाद अधिष्ठापन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। नैशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम (एनसीएसएम) के द्वारा क्रिएटिव म्यूजियम डिजाइनर्स (सीएमडी) के माध्यम से तीनों गैलरी में 175 प्रदर्शों का अधिष्ठापन किया जा रहा है। सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी में 52 प्रदर्श, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी में 58 प्रदर्श तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में 65 प्रदर्श लगाया जाना है। परिसर में एसटीपी , डब्लूटीपी का कार्य भी तीव्र गति से प्रगति पर है। प्रदर्श लगाने का काम चरणबद्ध तरीके से हो रहा और तीनों गैलरी में प्रदर्श लगाने के लिये 213,85,55,864 रुपये खर्च होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित