पटना , दिसंबर 29 -- बिहार भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने सोमवार को मोईन-उल-हक स्टेडियम के समीप लगभग 20.5 एकड़ भूखंड पर निर्मित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी की शेष तीन गैलरियों में प्रदर्श अधिष्ठापन कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
श्री रवि ने प्रदर्श अधिष्ठापन कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकरी ली एवं अभियंताओं को आवश्यक निदेश दिये।
नैशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम (एनसीएसएम) के द्वारा क्रिएटिव म्यूजियम डिजाइनर्स (सीएमडी) के माध्यम से सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में प्रदर्शों का अधिष्ठापन किया जा रहा है। प्रदर्श लगाने का काम चरणबद्ध तरीके से होगा और तीनों गैलरी में प्रदर्श लगाने के लिये 213,85,55,864 रुपये खर्च होंगे।
साइंस सिटी में कुल पांच गैलरियों का निर्माण किया जाना है। इस महत्वपूर्ण परियोजना का सिविल वर्क पूर्ण है। साइंस सिटी की बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी एवं बेसिक साइंस गैलरी का लोकार्पण हो चुका है। पांचों गैलरियों का कुल क्षेत्रफल लगभग 7725 वर्गमीटर है और इनमें 26 थीम पर आधारित 269 विज्ञान प्रदर्श स्थापित किया जा रहा है।
पहले चरण में प्रथम गैलरी (बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी) में प्रदर्श अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण हो गया है जबकि द्वितीय गैलरी (बेसिक साइंस गैलरी) में 35 प्रदर्शों का अधिष्ठान पूरा हुआ है। बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी में 12 प्रदर्श लगाए गए हैं।
श्री रवि ने बताया कि बेसिक साइंस गैलरी में बचे हुए 47 प्रदर्शों के अधिष्ठापन के साथ साथ शेष तीन गैलरियों में प्रदर्श अधिष्ठापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। टाइमलाइन तय कर कार्यों को पूर्ण करने के लिये निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि पटना में साइंस सिटी की दो गैलरी तैयार है। भवन निर्माण विभाग के द्वारा शेष तीनों गैलरियों में 175 इंटरैक्टिव प्रदर्श लगाने का कार्य टाइमलाइन के साथ पूर्ण किया जाएगा। यह केंद्र बच्चों, युवाओं और आम जनता को विज्ञान को छूकर, खेलकर और अनुभव करके समझने का अनूठा अवसर प्रदान कर रहा है।साइंस सिटी की दो गैलरी बी ए साइंटिस्ट्स गैलरी एवं बेसिक साइंस गैलरी आम लोगों के लिए खोल दिया गया। आम लोगों को यह केंद्र नया अनुभव प्रदान कर रहे हैं।
श्री रवि ने बताया कि सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी के माध्यम से आगंतुकों को बदलते ग्रह, जनसंख्या, प्रदूषण, कृषि, हरित शहरीकरण और बदलते शहरों की गतिशीलता को समझने के साथ-साथ ऊर्जा के उपयोग और संरक्षण और टिकाऊ समाधानों की गतिशीलता के बारे में जानकारी मिलेगी।स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी के माध्यम से खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष आगंतुकों को प्राचीन काल से ब्रह्मांड के हिस्से की खोज करने और अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक में नवीनतम विकास की खोज करने के लिए एक असाधारण यात्रा पर ले जाएगा। वहीं, बॉडी एंड माइंड गैलरी के माध्यम से छोटे बच्चे और उनके परिवार अनोखे तरीके से मानव शरीर के बारे में दिलचस्प जानकारी ले पाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित