अलवर , मार्च 16 -- राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को अलवर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रही योजनाओं, मौसमी बीमारियों की स्थिति, गैस आपूर्ति और अन्य विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ मीणा ने कहा कि जिले के सभी प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक करके व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से मौसमी बीमारियों की रोकथाम, गैस आपूर्ति और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गैस संकट के सवाल पर डाॅ मीणा ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को बेवजह बड़ा बना रहा है। जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार का कोई संकट नहीं है।

निकाय चुनाव को लेकर पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित