अलवर , फरवरी 06 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का जयपुर जोन के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. यदुराज सिंह नाथावत ने औचक निरीक्षण करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ नाथावत ने चिकित्सालय में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार आपातकालीन वार्ड में लगाने, महिला चिकित्सालय में महिला विशेषज्ञ की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोनोग्राफी में रिक्त पडे़ सोनोलॉजिस्ट का पद जल्द से जल्द भरने की बात कही। उन्होंने दोनों चिकित्सालयों के वार्डों, लेबर रूम, चिकित्सक कक्ष एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसी के साथ ही उन्होंने उपस्थिति पंजीयका की जांच की।

उन्हाेंने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट की पोस्टिंग होगी तो जल्द ही इसे भर दिया जाएगा। उन्होंने दवाईयों को लेकर कहा कि प्रधान चिकित्साधिकारी से कहा है, जो भी दवाईयां हैं वे वहां से पहले से मांग करके मंगवायें। जो अत्यावश्यक है, वे इनके यहां जो बजट है, उससे खरीद सकते हैं। इस मौके पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल सिद्ध, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. रमेश मीना, डॉ. कमलेश मीना, डॉ. जितेन्द्र पाल मीना, डॉ. धर्मचन्द मीना, डॉ. महेश मीना आदि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित