जम्मू , मार्च 14 -- प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जम्मू कश्मीर में कठुआ जिले के गदाधर गांव में एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी की दवा उत्पादन इकाई की शनिवार को आधारशिला रखी।
डॉ. सिंह ने इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह इकाई ऑर्किड फार्मा द्वारा स्थापित की जा रही है और इस पर 600 से 700 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के तहत जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद इस इकाई को स्थापित करने में आवश्यक सुविधा उपलब्ध करा रही हे। उनका कहना था कि भारत सरकार की उत्पादन-संबंधी प्रोत्साहन योजना के तहत किये जा रहे इस निवेश से जम्मू-कश्मीर क्षेत्र की औद्योगिक और नवाचार क्षमता बढ़ने के साथ ही राज्य में कंपनियों के निवेश करने पर विश्वास में भी बढ़ोतरी होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कंपनी की स्थापना से लगभग 400 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आपूर्तिकर्ताओं, लॉजिस्टिक्स प्रदाताओं और अन्य संबद्ध क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
डॉ सिंह ने कठुआ में इस इकाई की स्थापना को फार्मास्युटिकल क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कठुआ एक महत्वपूर्ण दवा विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा। उनका कहना था कि इस संयंत्र में महत्वपूर्ण एंटीबायोटिक मध्यवर्ती एमिनो सेफालोस्पोरानिक एसिड (एसीए) का निर्माण किया जाएगा, जो सेफालोस्पोरिन एंटीबायोटिक्स के उत्पादन में एक प्रमुख घटक है। उनका कहना था कि वर्तमान में, भारत इस मध्यवर्ती के आयात के लिए लगभग पूरी तरह से चीन पर निर्भर है, जिससे आपूर्ति सुरक्षा, मूल्य स्थिरता और स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कठुआ संयंत्र फार्मास्युटिकल विनिर्माण में भारत की रणनीतिक क्षमताओं को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करेगा और कई महत्वपूर्ण पदार्थों पर आयात निर्भरता को कम करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित