चंडीगढ़ , दिसंबर 22 -- चंडीगढ़ में सोमवार को शहर के डॉग लवर्स ने नगर निगम और प्रशासन के रवैये के खिलाफ सेक्टर-17 स्थित नगर निगम के एमओएच विंग के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर 'बेजुबानों पर अत्याचार बंद करो' जैसे नारे लगाये और प्रशासन से अपनी जिम्मेदारी निभाने की मांग की।
डॉग लवर्स का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन स्ट्रे डॉग्स के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रहा है। किसी भी शिकायत पर बिना जांच के कुत्तों को पकड़कर एबीसी सेंटर या एसपीसीए भेज दिया जाता है, जहां उनके उचित रख-रखाव की व्यवस्था नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद डॉग शेल्टर होम की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गयी है।
डॉग लवर्स ने बताया कि चंडीगढ़ में अधिकांश स्ट्रे डॉग्स का नसबंदीकरण (स्टरलाइजेशन) पहले ही किया जा चुका है और वे पूरी सावधानी के साथ कुत्तों को खाना खिलाते हैं, ताकि आम लोगों को कोई परेशानी न हो। इसके बावजूद फीडिंग प्वाइंट कई जगहों पर नहीं बनाये गये हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि स्ट्रे डॉग्स को बिना ठोस कारण न उठाया जाये, उनके लिए निर्धारित फीडिंग प्वाइंट बनाये जायें और उच्चतम न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाये, ताकि बेजुबानों के साथ न्याय हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित