चंडीगढ़ , फरवरी 4 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सिख एवं पंजाबी भावनाओं को आहत करने का गंभीर आरोप लगाया है।
श्री चुघ ने बुधवार को कहा कि यह जोड़ी बार-बार धार्मिक परंपराओं, संतों और आध्यात्मिक संस्थाओं का अपमान कर रही है, जो पंजाब की सामाजिक समरसता और धार्मिक विरासत पर सीधा हमला है। उन्होने कहा कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों और राधा स्वामी डेरा ब्यास दशकों से निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में समर्पित हैं। देश-विदेश में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहे डेरा ब्यास ने न केवल कोरोना महामारी जैसे अभूतपूर्व संकट के समय सेवा और करुणा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, बल्कि पंजाब में आई भीषण बाढ़ के दौरान भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होने कहा कि डेरा ब्यास द्वारा प्रभावित लोगों को अन्न, स्वच्छ पेयजल, दवाइयाँ तथा अन्य सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ तत्परता से उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने कहा कि जिस समय दिल्ली में केजरीवाल सरकार के घोर कुप्रबंधन के कारण लोग ऑक्सीजन और चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहे थे, उस कठिन घड़ी में बाबा गुरिंदर सिंह और डेरा ब्यास मानवता की सेवा के लिए आगे आए। इसके साथ ही डेरा ब्यास द्वारा वर्षों से नशामुक्ति अभियान के माध्यम से करोड़ों लोगों को नशे की लत से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का पुण्य कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।
श्री चुघ ने कहा कि सिख मर्यादा सिख पंथ की आत्मा है और इससे जुड़े विषय-चाहे वे गोलक हों या अन्य धार्मिक परंपराएँ-पूर्ण श्रद्धा, पारदर्शिता और सम्मान से जुड़े होते हैं। ऐसे अत्यंत संवेदनशील धार्मिक विषयों पर राजनीतिक कटाक्ष करना सिख परंपराओं का घोर अपमान है। उन्होने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब आम आदमी पार्टी के नेताओं ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाई हो। दिल्ली विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा गुरुओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को केजरीवाल और भगवंत मान ने बचाने की पूरी साजिश की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित