पटना , अप्रैल 09 -- िहार के मत्स्य, डेयरी एवं पशु संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता ने गुरुवार को कहा कि डेयरी निदेशालय और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के बीच साझेदारी बिहार के डेयरी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। डेयरी क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने और किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
"बिहार डेयरी ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट" के तहत डेयरी निदेशालय और सीआईआई के बीच 'प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन पार्टनरशिप' की औपचारिक शुरुआत की गई।
मंत्री श्री मेहता ने कहा कि डेयरी निदेशालय और सीआईआई के बीच यह रणनीतिक साझेदारी बिहार के डेयरी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री के 'सात निश्चय' के तहत बिहार डेयरी परिवर्तन पहल को सशक्त बनाना है।
श्री मेहता ने कहा कि इसका लक्ष्य टिकाऊ डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा देना और बाजार आधारित विकास सुनिश्चित करना है, जिससे किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो सके।
मंत्री श्री मेहता ने विश्वास जताया कि आने वाला दिन बिहार का होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था बना रही है,जिससे बिहार में बने दूध के उत्पाद दुनिया भर के बाजारों में अपनी जगह बनाएंगे। साथ ही, दूध उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित कर बिहार को डेयरी क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित