जयपुर , अप्रैल 28 -- डेनमार्क के राजदूत रासमस अबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसेन ने मंगलवार को यहां राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) का दौरा किया।
आरसीए एडहॉक समिति सदस्य आशीष तिवाड़ी ने श्री क्रिस्टेंसेन का स्वागत किया। इस दौरान बैठक में क्रिकेट के विकास और भारत-डेनमार्क के बीच खेल सहयोग को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने राजस्थान में क्रिकेट की प्रगति, आधुनिक खेल ढांचे, प्रशिक्षण सुविधाओं और उभरती युवा प्रतिभाओं की संभावनाओं पर चर्चा की।
श्री क्रिस्टेंसेन ने आने वाले समय में राजस्थान और डेनमार्क के बीच विभिन्न प्रारूपों टी20, वनडे और टेस्ट में संयुक्त क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित करने के बारे में सहमति व्यक्त की। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को नई दिशा देने वाला कदम बताया। यह पहल न केवल आरसीए के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है बल्कि इससे राजस्थान के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इस साझेदारी से दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूती मिलेगी और युवा खिलाड़ियों के लिए वैश्विक मंच के द्वार खुलेंगे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने दीर्घकालिक खेल सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित