मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुणदेव गौतम ने गुरुवार को नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र मोहला में नवनिर्मित 'पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर' भवन का लोकार्पण किया और रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

रेंज स्तरीय बैठक में राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराधों की समीक्षा की गई। डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों, मर्ग प्रकरणों और स्थायी वारंटों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सुधरने के बाद अब 'बेसिक पुलिसिंग' को थाना स्तर पर और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और अवैध चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित