भरतपुर , दिसम्बर 12 -- राजस्थान में डीग जिले में साइबर ठगी पर नकेल कसने के लिए चलाए गए दो दिवसीय अभियान 'ऑपरेशन वज्र प्रहार' के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 37 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ठगों से 44 मोबाइल फोन, 54 सिम कार्ड, तीन मोटर साइकिलें और एक एटीएम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार ठग सोशल मीडिया पर यौन क्षमता बढ़ाने वाली दवाएं और सस्ते दामों पर गाय-भैंस उपलब्ध कराने के नाम पर फर्जी विज्ञापन डालकर कूरियर या पार्सल शुल्क मांगकर पैसों की ठगी कर लेते थे।

पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई डीग जिले के बृज नगर, जालुकी, कैथवाड़ा, सीकरी, गोपालगढ़ और पहाड़ी थाना क्षेत्रों में की गई। बताया गया है कि ठग लंबे समय से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर लोगों को निशाना बना रहे थे। सूत्रों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े और लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित