जालौन , फरवरी 1 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बबीना एवं कदौरा स्थित कान्हा गौशालाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंशों के संरक्षण, चारा, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने गोवंशों को गुड़ खिलाया। इस बीच एक रोचक दृश्य तब देखने को मिला जब जिलाधिकारी के पुकारने पर गोवंश उनके पास आ गए। जिलाधिकारी ने गोवंशों के संरक्षण और समुचित देखभाल को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरा चारा, स्वच्छ पेयजल और नियमित चिकित्सीय जांच हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में प्रतिदिन सुबह और शाम अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित