चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री राजेश नागर ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) के पत्र का जवाब न देने वाले निरीक्षक रविंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

श्री नागर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि विभाग द्वारा भेजे गए पत्रों का कोई निरीक्षक जवाब नहीं देता और शिकायतकर्ता को बार-बार पत्राचार करना पड़े तो यह पूरी तरह से गलत और अनुशासनहीनता है।

मंत्री ने डीएफएससी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निरीक्षक रविंद्र, निरीक्षक नवीन और अशोक के मामलों में विभाग की कानूनी राय लेकर तीनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाए ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।

श्री नागर ने गुरुवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान कुल 17 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष छह मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक जांच करने के निर्देश देते हुए उन्हें आगामी बैठक तक लंबित रखा गया मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिक को त्वरित न्याय और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित