सुकमा , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगनमडुगु (सिंगनामरागु) इलाके में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें किसस्टाराम एरिया कमेटी से जुड़े तीन सक्रिय नक्सली ढेर हो गये हैं।

यह मुठभेड़ तड़के सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच उस समय शुरू हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवान नक्सल विरोधी अभियान पर निकले हुए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद डीआरजी की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया था। इसी दौरान जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की सघन तलाशी में तीन नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं।

मारे गए नक्सलियों की पहचान माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत, सोढ़ी बंडी और नुप्पो बजनी के रूप में हुई है। तीनों किस्टाराम एरिया कमेटी के एरिया कमेटी सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें नुप्पो बजनी एक महिला नक्सली थी। बताया जा रहा है कि ये सभी लंबे समय से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे और कई गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाश अभियान और तेज कर दिया है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियानों को लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित