भोपाल , मार्च 20 -- पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने आज रानी कमलापति-बुधनी खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए बरखेड़ा, चौका, मिडघाट और बुधनी रेलवे स्टेशनों का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य रेल संचालन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था। इस दौरान डीआरएम ने ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, पुल-पुलियों, रेलवे क्रॉसिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मिडघाट और बुधनी जैसे घाट सेक्शन में विशेष रूप से ट्रैक की स्थिति, ढलान वाले क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों और ट्रेन संचालन की सतर्कता की समीक्षा की गई। डीआरएम ने कहा कि घाट सेक्शन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यहां अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है।
इसके साथ ही स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सूचना प्रणाली जैसी यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित