पेंड्रारोड/रायपुर , दिसंबर 27 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) बिलासपुर मंडल के नवनियुक्त मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन ने शनिवार को पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन का अचानक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के हुए इस दौरे से स्टेशन प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर श्री रंजन ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित यात्री शौचालय पहुंचे, जहां साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति पाई गई। इस पर उन्होंने स्टेशन मास्टर को मौके पर बुलाकर शौचालय की उपयोगिता को लेकर कड़े सवाल किए। डीआरएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि शौचालय उपयोग के योग्य नहीं है तो उसे बंद घोषित कर सूचना बोर्ड लगाया जाए, अन्यथा उसकी तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्टेशन परिसर में निरीक्षण आगे बढ़ाते हुए श्री रंजन की नजर गंदे पानी से भरी नालियों पर पड़ी। जल निकासी की बदहाल स्थिति पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए ड्रेनेज सिस्टम को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य में हो रही अत्यधिक देरी की शिकायत की। यात्रियों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस पर डीआरएम ने भरोसा दिलाया कि कार्य प्रगति की समीक्षा कर निर्माण को गति दी जाएगी।
यात्रियों ने टिकट काउंटरों की संख्या कम संचालित होने और फुट ओवर ब्रिज के निर्माण में देरी का मुद्दा भी उठाया। डीआरएम ने निर्देश दिए कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सभी टिकट काउंटरों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं फुट ओवर ब्रिज को लेकर उन्होंने बताया कि वर्क सेक्शन स्वीकृत हो चुका है और निर्माण कार्य में देरी के कारणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में डीआरएम रंजन ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि स्टेशन की स्वच्छता, यात्री सुविधाएं और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित