देहरादून , फरवरी 23 -- उत्तराखंड में वेतन विसंगति का समाधान किए जाने समेत अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को विभिन्न जिलों से देहरादून पहुंचे डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के सदस्यों ने विशाल रैली निकालते हुए सचिवालय कूच किया।
लेकिन पुलिस ने डिप्लोमा इंजीनियरों को सुभाष रोड स्थित सचिवालय से पहले बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान मांगों का हल नहीं होने पर महासंघ में कड़ी नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया ।
महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने वहां मौजूद पत्रकारों से कहा कि उत्तराखंड शासन ने डिप्लोमा इंजीनियर्स की समस्याओं पर अभी तक कोई भी सकारात्मक निर्णय नहीं लिया है।
जिसके बाद आज उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस प्रदर्शन में गढ़वाल और कुमाऊं के लगभग 4 हजार से अधिक सदस्यों ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रत्येक अभियंता एकजुट है और अंतिम निर्णय तक अपनी मांगों के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियरों 10,16 और 26 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर समय बाद पदोन्नति और उसके अनुसार वेतनमान सुनिश्चित किए जाने की मांग लगातार उठा रहे है, इसके अलावा 1 जनवरी 2014 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं को 10 वर्षों की सेवा पूरी होने पर 5400 का ग्रेड पे का लाभ नहीं दिया जा रहा है, सरकार लगातार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित