हनुमागनढ़ , फरवरी 21 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में डिजिटल अरेस्ट करके एक बुजुर्ग से 45 लाख 21 हजार 120 रुपये की ठगी के एक बहुचर्चित मामले में पुलिस ने पंजाब के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इन दोनों ने ठगी की रकम पाने के लिए अपने बैंक खातों को साइबर ठगी के लिये इस्तेमाल होने दिया।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपियों की पहचान संदीप यादव (27) और अजय वर्मा (26) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के लुधियाना जिले के मेहरबान थाना क्षेत्र के हैं।

उन्होंने बताया कि इन दोनों युवकों के बैंक खातों में पीड़ित राजेश गौड़ से ठगी गयी राशि के कुछ हिस्से स्थानांतरित हुए थे। इसके अलावा संदीप यादव और अजय वर्मा के बैंक खातों में पांच राज्यों से करीब 22 लाख रुपये की साइबर ठगी की पांच अलग-अलग शिकायतें दर्ज हैं। दोनों को म्यूल बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

इससे पहले पुलिस ने इसी आरोप में रामकिशोर निवासी जांबा, जिला फलोदी राजस्थान को गिरफ्तार किया था।

मामला हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड नंबर 48, सावन कॉलोनी निवासी राजेश गौड़ (66 वर्ष) का है। उन्होंने चार अक्टूबर 2025 को साइबर थाने में साइबर ठगों द्वारा उन्हें डिजिटल अरेस्ट करके 45 लाख 21 हजार 120 रुपये की ठगी किये जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित