इस्लामाबाद/तेहरान , अप्रैल 19 -- पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत कर मौजूदा मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर संवाद और सहभागिता की जरूरत पर जोर दिया।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, श्री डार ने कहा कि समयबद्ध समाधान तथा क्षेत्रीय और वैश्विक शांति तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर बातचीत बेहद जरूरी है। बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई है और ईरान के राष्ट्रपति तथा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच भी बातचीत कराने पर सहमति बनी है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्लामाबाद में नये दौर की वार्ता के संकेत दिये हैं। श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधि पश्चिम एशिया संकट पर ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए साेमवार काे पाकिस्तान पहुंचेंगे।

इस बीच, ईरान की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन अभी समझौते से काफी दूरी बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित