जयपुर , दिसंबर 13 -- जापान की डाइकिन इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की सहायक कंपनी डाइकिन एयर-कंडीशनिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (डीएआईपीएल) और राजकीय राम चंद्र खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर ने स्किल इंडिया पहल को बढ़ावा देने के लिए हाथ मिलाया हैं।
दोनों संस्थानों ने मिलकर एयर-कंडीशनिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। यह साझेदारी युवाओं को उद्योग से जुड़े कौशल देने और उन्हें भविष्य के रोजगार के लिए बेहतर तैयार करने का लक्ष्य रखती है।
इस अवसर पर डाइकिन इंडिया के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि यह साझेदारी एयर-कंडीशनिंग प्रशिक्षण को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने पर केंद्रित है। डाइकिन तकनीकी प्रगति और उच्च गुणवत्ता के प्रति समर्पित है। इस पहल के माध्यम से हम छात्रों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और कौशल विकास का मंच देना चाहते हैं। स्किल इंडिया के महत्व को समझते हुए डाइकिन सरकार और शिक्षा संस्थानों के साथ मिलकर प्रभावी प्रशिक्षण कार्यक्रम बना रहा है। हमारा लक्ष्य है कि भारत के युवाओं को ऐसे कौशल मिलें जो उनके रोजगार के अवसर बढ़ाएं और देश की प्रगति में योगदान दें।
डाइकिन आने वाले समय में ऐसे कई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अन्य संस्थानों में भी स्थापित करेगा। इन केंद्रों में डाइकिन की आधुनिक तकनीक, मॉडल, साहित्य और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे छात्र अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रशिक्षण ले सकें और अपनी नौकरी की संभावनाओं को मजबूत कर सकें। राम चंद्र खेतान पॉलिटेक्निक कॉलेज, 1978 में स्थापित यह कॉलेज राजस्थान का एक महत्वपूर्ण तकनीकी संस्थान है। यहां एक हजार से अधिक छात्र विभिन्न तकनीकी विभागों में पढ़ाई करते हैं।
इस अवसर पर बताया गया कि इस प्रशिक्षण के लिए कोई फीस नहीं ली जायेगी और प्रशिक्षण के बाद डाइकिन प्रशिणार्थियों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करायेगी। यह प्रशिक्षण पोलिटेक्निक छात्रों के लिए हैं।
टेक्निकल एजुकेशन राजस्थान के निदेशक राजेश कुमार शर्मा ने कहा, "डाइकिन इंडिया के साथ यह साझेदारी मानव संसाधन में निवेश और उनकी क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम है। हमारा उद्देश्य ऐसे व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान बनाना है जो विश्वस्तरीय मानकों के साथ समाज-सचेत टेक्नोक्रेट और उद्यमी तैयार करें। हमें उम्मीद है कि हमारे छात्र और पूर्व छात्र भारत को और भी मजबूत, टिकाऊ और समृद्ध बनाने में योगदान देंगे।"इस केंद्र का इसी महीने दिसंबर से संचालन शुरू हो जायेगा। यह एचवीएसी तकनीक में नवाचार को बढ़ावा देगा और इंजीनियरों, तकनीशियनों और उद्योग विशेषज्ञों के लिए प्रशिक्षण केंद्र का काम करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित