जयपुर , दिसंबर 20 -- राजस्थान में पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थी बिठाकर फर्जी तरीके से चयनित होने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने शनिवार को बताया कि दो साल से फरार चल रहे पांच-पांच हजार रुपए के इनामी इन आरोपियों को पुणे और जयपुर से दबोचे गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 29 जनवरी 2023 को सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षाओं में खुद बैठने के बजाय डमी परीक्षार्थियों को बिठाया। इस पर ये दोनों वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान विषय) के पद पर चयनित भी हो गए लेकिन जांच की आंच पहुंचते ही फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक परिस देशमुख के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जाल बिछाकर दोनों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा जिसमें आरोपी दिनेश कुमार पुत्र बाबूलाल को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया जबकि आरोपी दिनेश कुमार पुत्र आसूराम को जयपुर से गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित