सक्ती , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ के डभरा-घोघरी रोड के कॉलेज मोड़ पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे हाईवा (डम्फर) वाहन ने सड़क के बीच बने डिवाइडर टकराने के बाद दो बिजली के पोल को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना आज तड़के चार बजे के आसपास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा वाहन घोघरी की ओर से तेज गति में आ रहा था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सीधे डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद चालक ने वाहन को पीछे निकालने का प्रयास किया, इसी दौरान एक बिजली का पोल वाहन के सामने के चक्के में फंस गया।
हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना संबंधित विभागों और पुलिस को दी गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत डभरा क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कुछ दिन पूर्व इसी स्थान पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अस्पताल के सामने खड़े एम्बुलेंस, कार और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। उस समय अस्पताल के पास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए थे।
फिलहाल हाईवा वाहन का मालिक क्षतिग्रस्त वाहन को निकालने की कोशिश में लगा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित