लखनऊ , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नेता सदन विधान परिषद केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को विधान परिषद में सरकार की उपलब्धियों और बजट प्रावधानों पर चर्चा करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है। किसानों को 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 1.85 करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं जबकि सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य पेंशन योजनाओं की राशि को 300 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। शिक्षा क्षेत्र में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि से लाखों परिवारों को लाभ मिला है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हुआ है। वर्ष 2017 में जहां केवल 4 हवाई अड्डे थे, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 16 हो गई है। कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश गन्ना, खाद्यान्न, दूध और आलू उत्पादन में अग्रणी बना हुआ है तथा किसानों को डीबीटी के माध्यम से सीधे सहायता दी जा रही है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी योजना चलाई जा रही है। सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के माध्यम से प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित