ग्वालियर , फरवरी 10 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर जिले के डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृत महिला के परिजन को 4 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सभी गंभीर घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को डबरा स्थित नवग्रह शक्ति पीठ में कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दो महिलाएं और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा चार अन्य महिलाओं को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं और एक बच्ची को तत्काल ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एप्पल अस्पताल और जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों का उपचार सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती चौहान डबरा पहुंचीं और नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने डबरा चिकित्सालय जाकर चिकित्सकों से चर्चा की। चिकित्सकों ने बताया कि सुबह की घटना में मामूली रूप से घायल चार महिलाओं का उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरती जाए। निरीक्षण के दौरान एडिशनल कलेक्टर कुमार सत्यम, एडीएम सी बी प्रसाद, डबरा एसडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इधर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की और घायलों के समुचित एवं नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर मृतक के परिजन और घायलों को शासन स्तर से सहायता देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित