मुरैना , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के मुरैना के सर्राफा व्यवसायियों ने डकैती के जेवरों की खरीदी रोकने के लिए एक नया निर्णय लिया है।

यहां कुछ सर्राफा व्यवसाय से जुड़े दुकानदार डकैती और चोरी के गहने खरीदने से बाज नहीं आ रहे थे, जिसके चलते सभी सोना व्यवसायियों को पुलिस संदेह की दृष्टि से देखती थी।

मुरैना सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष अनिल सिंघल ने आज यहां बताया कि सर्राफा कमेटी में सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब कोई भी सर्राफा दुकानदार सोने के गहने तभी खरीदें, जब वह गहने उसी की दुकान से खरीदे या बनवाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा हालत में सोने के भाव में बड़ी तेजी से उतार चढ़ाव चल रहा है और उसी को देखते हुए व्यवसायी व्यवसाय करें। कमेटी ने यह भी निर्णय लिया है कि गहना अगर गिरवी रखना हैं तो उपभोक्ता से आधार कार्ड, पेन कार्ड और मोबाइल नंबर अवश्य लें और ब्याज दर भी स्पष्ट तय की जाए, जिससे बाद में वाद विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित