होशियारपुर , मार्च 24 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के गढ़दीवाला इलाके में डकैती की योजना बनाने के आरोप में सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
टांडा के पुलिस उपाधीक्षक दविंदर सिंह ने मंगलवार को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, गढ़दीवाला थाने की पुलिस टीम ने बेरा धुस्सी बांध के पास एक जंगली इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने आरोपियों को कथित अपराध को अंजाम देने से पहले ही धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित सिंह उर्फ कीरत सिंह: निवासी नंगल (जिला गुरदासपुर), हरविंदर सिंह उर्फ मोनू और लवप्रीत सिंह उर्फ लवी: निवासी करनाणा (जिला शहीद भगत सिंह नगर), जसकीरत सिंह उर्फ जस्स: निवासी धुरिया, जगजीत सिंह उर्फ रिक्की: निवासी अभोवाल (होशियारपुर) और तरनजीत सिंह उर्फ तन्नू और गुरशरण सिंह उर्फ गोरा: निवासी कोटला नौध सिंह (बुल्लोवाल) के तौर पर हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्तौल (बरेटा मेक), तेज धार वाले हथियार, दो कारतूस, एक मारुति स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान और भी कई खुलासे होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित