बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में कचरा प्रबंधन की लापरवाही के चलते डंपिंग साइट पर पिछले लगभग 15 दिनों से कचरा सुलग रहा है, जिससे उठने वाले जहरीले धुएं ने आसपास के क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार डंपिंग स्थल से लगातार निकल रहा धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है और लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पुराने कचरे में लगी आग अभी तक पूरी तरह बुझ नहीं पाई है, जबकि रोजाना नया कचरा भी उसी स्थान पर डाला जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कचरा धीरे-धीरे सुलगता रहता है, जिससे दिन-रात धुआं उठता रहता है। इस स्थिति को पर्यावरण मानकों का उल्लंघन माना जा रहा है, क्योंकि खुले में कचरा जलाना प्रतिबंधित है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा पूर्व में भी नगर पालिका को कचरा प्रबंधन सुधारने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिख रहा है।

इस संबंध में नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से कचरे को हटाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी तक पूर्ण सफलता नहीं मिल सकी है।

उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले नगर पालिका ने लगभग 90 लाख रुपए खर्च कर कचरा हटाने का ठेका दिया था, इसके बावजूद डंपिंग साइट पर फिर से कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है। गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण नहीं होने से समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित