श्रीगंगानगर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर शहर से संग्रहित ठोस कचरे का प्रबंधन संयंत्र को नेतेवाला गांव से नरसिंहपुरा बारनी गांव में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का बुधवार से खुला विरोध शुरू हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर बारनी और आसपास के करीब छह गांवों, ढाणियों और चक आबादियों के ग्रामीणों ने नरसिंहपुरा में गो-गोविंद गौशाला से प्रस्तावित संयंत्र स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

धरना स्थल पर आज महापंचायत हुई, जिसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि किसी भी सूरत में नरसिंहपुर बारनी गांव में यह संयंत्र नहीं लगने दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संयंत्र लगने से ठीक वही खतरे यहां भी आम लोगों के जीवन और स्वास्थ्य को होंगे, जिनके खिलाफ नेतेवाला के लोग पिछले कई वर्षों से लगातार विरोध कर रहे थे।

महापंचायत के बाद करीब 25 लोगों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर में जिला मुख्यालय पहुंचा जहां उन्होंने जिला प्रशासन को बिंदुवार विस्तृत ज्ञापन सौंपा और संयंत्र स्थानांतरण के पीछे चल रहे "षड्यंत्र" का खुलासा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित