मुंबई , अप्रैल 28 -- महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीमें ठाणे के मीरा रोड इलाके में दो सुरक्षा गार्डों पर हुए हमले की जांच आतंकवादी कोण से कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि यह एक 'लोन-वुल्फ' (अकेले दम पर किया गया) हमला हो सकता है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 31 वर्षीय जबर जुबैर अंसारी के रूप में की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंसारी ने पहले गार्डों से रास्ता पूछा, फिर दोबारा लौटकर उनका धर्म पूछा और उनमें से एक को 'कलमा' पढ़ने के लिए मजबूर किया। जब गार्ड जवाब नहीं दे सका, तो अंसारी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। घायल गार्डों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अंसारी के घर की तलाशी लेने पर कुछ हाथ से लिखे नोट्स मिले हैं, जिनमें उसके आईएसआईएस से संबंध होने का अंदेशा है। इन नोट्स में उसने कथित तौर पर इस हमले को आतंकी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना 'पहला कदम' बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित