भिण्ड , मई 08 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के असवार थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चोरई-सेवढ़ा मार्ग पर जैतपुरा पुलिया के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जा गिरी। ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण सवार थे, जो भागवत कथा की कलश यात्रा के लिए सिंध नदी से जल लेने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार इकमिली गांव में बघेल पाल समाज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सेवढ़ा स्थित सनकुआ घाट जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने राहत कार्य करते हुए ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में फूलवती बघेल की मौत हो गई, जबकि करीब 14 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए लहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित