सागर , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दुर्घटना पिपरगौर-खिरिया रोड पर राजेंद्र कुर्मी के घर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई।
घटना के समय बाइक पर पिपरगौर के सरपंच पति राजेंद्र सिंह अपने बेटों अभिजीत और विश्वजीत तथा भतीजे शिवाय के साथ सवार थे। बताया गया कि वे बच्चों को परीक्षा दिलाने के लिए स्कूल लेकर गए थे और पेपर खत्म होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में गंभीर चोट लगने से विश्वजीत और शिवाय की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों छात्रों को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में घायल सरपंच पति राजेंद्र सिंह और उनका बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित