बैतूल , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला नगर में आज रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण होना बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आमला भिजवाया।

जानकारी के अनुसार घटना आमला रेलवे स्टेशन से बैतूल की ओर पोल नंबर 874/9 के पास हुई। युवक का शव स्टेशन से लगभग 150 मीटर दूर दोनों पटरियों के बीच पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है। उसने कत्थई रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी तथा हाथ में कलावा बंधा था। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक बैग और टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ, लेकिन इनमें कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय आमला स्टेशन से दो सुपरफास्ट ट्रेनें गुजरी थीं। आशंका है कि युवक इनमें से किसी एक ट्रेन से गिरा होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। जीआरपी पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित