अलवर , फरवरी 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के डेहरा शाहपुरा क्षेत्र में बुधवार को ट्रैक्टर और टैम्पो की टक्कर से करीब 10 श्रद्धालु घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक खाटू श्याम जी के दर्शन करके श्रद्धालु टैम्पो से हडीया जैतपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान कसोसा चौक के पास पीछे से एक ट्रेक्टर ने टैम्पो को टक्कर मार दी। इससे टैम्पो पलट गया और उसमें सवार करीब 10 लोग घायल हो गये।अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे में घायल हुए तीन घायलों को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि कुछ को निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित