चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- केन्द्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ ट्राई सिटी के कैब चालकों ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की।

चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के सैकड़ों कैब चालक सेक्टर-17 ग्राउंड में एकत्र हुए और चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। चालकों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

ट्राई सिटी कैब यूनियन के अध्यक्ष अमनदीप सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए तैयार की गयी नयी नीति अब तक लागू नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों से 15 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया तय किया गया है, जो मौजूदा आर्थिक हालात में बेहद कम है।

श्री सिंह ने कहा, "आज पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं, घर-गृहस्थी का सामान महंगा हो गया है, लेकिन प्रशासन ने कैब किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की। इतनी कम दर में हम चालक न तो वाहन का खर्च निकाल पा रहे हैं, न ही परिवार का गुजारा चल रहा है। "कैब चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में सफेद प्लेट वाले निजी वाहन विभिन्न ऐप कंपनियों द्वारा अवैध रूप से व्यावसायिक कैब सेवा में चलाये जा रहे हैं, जिससे वैध कैब चालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो उनका धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित