चंडीगढ़ , फरवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ट्राइसिटी रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत 1,463.95 करोड़ रूपये की लागत से 6-लेन, एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड स्पर को स्वीकृति देने पर उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि यह निर्णय पंजाब के बुनियादी ढांचे को नयी दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
श्री चुघ ने गुरुवार को कहा कि इस परियोजना से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के प्रमुख जंक्शनों पर वर्षों से बनी ट्रैफिक समस्या में ठोस राहत मिलेगी। एनएच-44, एनएच-205ए और एनएच-152 पर दबाव कम होगा और हिमाचल प्रदेश, विशेषकर शिमला क्षेत्र की ओर जाने वाली आवाजाही तेज और सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की व्यापक सोच का हिस्सा है।
उन्होंने जोड़ा कि इस कॉरिडोर से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा लाभ होगा। किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और युवाओं को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समय और ईंधन की बचत के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। यह परियोजना ट्राइसिटी क्षेत्र को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी ढांचे की ओर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पंजाब निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित