वाशिंगटन/तेल अवीव/तेहरान , मार्च 25 -- पश्चिम एशिया में तीव्र होते संघर्ष में बुधवार को कोई कमी आने के संकेत नहीं दिखे तथा ईरान और इजराय के बीच मिसाइलों का ताजा हमला हुआ जबकि इजरायल ने संकेत दिया कि अमेरिका एवं उसका नेतृत्व ईरान के साथ किसी भी संभावित टकराव का संयुक्त रूप से समन्वय कर रहे हैं।

इजरायल के अर्थव्यवस्था मंत्री नीर बरकत ने कहा कि उनका मानना है कि डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आपस में घनिष्ठ समन्वय कर रहे हैं, हालांकि इस बात को लेकर अस्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि ईरान के साथ बातचीत वास्तव में चल रही है या नहीं।

श्री बरकत ने इजरायली प्रसारक कान न्यूज से कहा, "ट्रम्प एक ओर तो उनसे बातचीत कर रहे हैं लेकिन दूसरी ओर खाड़ी देशों में सेना भी भेज रहे हैं।" उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते में ईरान के पास कोई अवशिष्ट क्षमता नहीं रहनी चाहिए और संतुलन पूरी तरह से अमेरिका और इजरायल के पक्ष में होना चाहिए।

इजराइली सेना के रेडियो ने बताया कि ईरान ने 40 मिनट के भीतर इज़रायल पर चार मिसाइलें दागीं, जिनकी आवाज़ें तेल अवीव क्षेत्र में सुनाई दीं। इससे पहले, ईरान की एक बैलिस्टिक मिसाइल हदेरा के पास गिरी, जहां एक बड़ा बिजली संयंत्र है। हालांकि, इज़रायल इलेक्ट्रिक कॉर्पोरेशन ने कहा कि उसकी अवसंरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

अल जज़ीरा ने स्थानीय रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि ईरान में अल्बोरज़ प्रांत के कमालशहर में एक मिसाइल हमले में कम से कम 18 लोग घायल हो गए, जिससे चार मंजिला इमारत नष्ट हो गई और पास के गोदामों को भी नुकसान पहुंचा।

दूसरी ओर इराक के अनबार प्रांत में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (पीएमएफ) से जुड़े एक ठिकाने को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में कम से कम सात सैनिक मारे गए और 13 घायल हो गए। इराकी सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया और जवाबदेही स्वीकार करने की बात की।

कतर और सऊदी अरब ने अपने क्षेत्रों पर ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र में कतर के प्रतिनिधि ने चेतावनी दी है कि गैर-लड़ाकू देशों पर हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हैं और क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करते हैं।

जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र में कतर की प्रतिनिधि हिंद बिन्त अब्दुल रहमान अल मुफ्ताह ने कहा कि ईरानी हमलों ने कतर की क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर किया है और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन किया है।

उन्होंने ड्रोन और मिसाइल हमलों की निंदा करते हुए कहा, "ईरान द्वारा किए गए गंभीर हमले न केवल विश्व में शांति एवं सुरक्षा को प्रभावित कर रहे हैं बल्कि मानवाधिकारों को भी प्रभावित कर रहे हैं। ये हमले हमारे लिए चिंता का विषय हैं और हम अब चुप नहीं रह सकते।"सऊदी अरब ने इन हमलों को संप्रभुता का अस्वीकार्य उल्लंघन करार दिया।

होर्मुज जलडमरूमध्य एक महत्वपूर्ण वैश्विक ऊर्जा नौवहन गलियारा है और यह एक प्रमुख तनाव का केंद्र बनकर उभरा है क्योंकि इसके प्रभावी रूप से बंद होने और वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार मार्गों पर संभावित प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित