धार , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में आज दोपहर एक एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसके अंदर दबने से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई।
हादसा बदनावर तहसील के लेबड़ नयागांव फोरलेन रतलाम रोड पर वंडर चौराहे के समीप हुआ। बाइक सवार गांव से दुकान का सामान लेने के लिए बदनावर आया था, इसी दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद फोरलेन पर एक मार्ग पर लंबा जाम लग गया। क्रेन की सहायता से ट्रक को उठाकर शव को बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक बदनावर की ओर से रतलाम तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन बिगड़ा व डिवाईडर से टकराकर पलट गया। इस बीच रास्ते से गुजर रहे अन्य बाइक सवार चपेट में आ गया। ट्रक के अंदर दबने से बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिसबल, टोल कंपनी की सहायता टीम तथा नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्रेन की सहायता से ट्रक को उठाकर अंदर दबे व्यक्ति का शव निकाला गया। ट्रक के अंदर दबने से शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया था। फावड़े की सहायता से शरीर के अंगों को एकत्रित कर कपड़े में लपेटकर शव वाहन से सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए लाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित