लखनऊ , जनवरी 23 -- स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश को अंतर्राज्यीय स्तर पर ट्रकों के इंजन नंबर व चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को एसटीएफ ने गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 अदद ट्रक, 1 छोटा हाथी, 3 मोबाइल फोन, 1 एसबीआई बैंक एटीएम कार्ड तथा 4120 नकद बरामद किए हैं।

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ अपराधी ट्रकों की रजिस्ट्रेशन आईडी में हेराफेरी कर उन्हें चोरी/फर्जी तरीके से वैध बनाकर बेच रहे हैं। इसी क्रम में आज दोपहर लगभग 2:10 बजे जनपद सुलतानपुर के बायपास रोड, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में ट्रक मोडिफाई करने वाले मुफीद का गैराज पर छापा मारकर गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विजय शंकर मिश्रा (जनपद अयोध्या), रमेश कुमार उर्फ विपिन (जनपद आजमगढ़) तथा जय प्रकाश विश्वकर्मा (जनपद वाराणसी) शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ट्रकों को सस्ते दामों में खरीदकर उनके मूल इंजन व चेसिस नंबर मिटाकर नए नंबर अंकित करते थे और फिर फर्जी कागजात बनाकर उन्हें वैध वाहन के रूप में खपाते थे।

एसटीएफ के अनुसार, यह गिरोह पहले विभिन्न स्थानों से चोरी/संदिग्ध ट्रक लाता था, फिर गैराज में ट्रकों के नंबर बदलकर नया रजिस्ट्रेशन और बीमा आदि फर्जी कराता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित