बैतूल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ीसावलीगढ़ बस स्टैंड के पास सुबह करीब नौ बजे यह हादसा हुआ। मृतका की पहचान पांढरी ढाना निवासी सुन्दा बाई (65) के रूप में हुई है, जो सड़क पार कर रही थीं, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 वाहन की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित खेड़ी पुलिस चौकी पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित